डिजिटल परिवर्तन को बढ़ावा देने की पहल, कार्यकुशलता और समय प्रबंधन में सुधार पर जोर
तलवाड़ा,(एसपी शर्मा): भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता के निर्देशों के तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग संबंधी जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकों से परिचित करवाना तथा कार्यालयीन कार्यों में एआई के प्रभावी उपयोग से कार्यकुशलता, समय प्रबंधन और कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाना था। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को एआई की विभिन्न क्षमताओं, कार्यप्रणाली तथा सरकारी और कार्यालयीन कार्यों में इसके उपयोग के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि एआई की मदद से कार्यालयीन जानकारी का विश्लेषण करने और रोजमर्रा के दोहराव वाले कार्यों को अधिक सुचारू एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने में सहायता मिल सकती है। मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता ने कहा कि डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कार्यालयीन कार्यों को तेज, सरल और प्रभावी बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रही है। इसके उचित उपयोग से समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ दस्तावेज तैयार करने, जानकारी का विश्लेषण करने और निर्णय लेने की प्रक्रिया को भी अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी में आधुनिक तकनीकों को अपनाने और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कौशल को समय की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए इस प्रकार की प्रशिक्षण पहल बेहद जरूरी हैं। राकेश गुप्ता ने एआई के इस्तेमाल के दौरान जानकारी की सटीकता, डेटा सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि एआई द्वारा तैयार की गई जानकारी की जांच एवं पुष्टि करने के बाद ही उसे कार्यालयीन कार्यों में इस्तेमाल किया जाना चाहिए। कार्यशाला में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई का जिम्मेदारीपूर्वक, सुरक्षित और उद्देश्यपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल को बीबीएमबी में डिजिटल परिवर्तन को बढ़ावा देने तथा कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता हरप्रीत सिंह भी उपस्थित थे।
बीबीएमबी अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया एआई तकनीक का प्रशिक्षण
डिजिटल परिवर्तन को बढ़ावा देने की पहल, कार्यकुशलता और समय प्रबंधन में सुधार पर जोरतलवाड़ा,(एसपी शर्मा): भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता के निर्देशों के तहत…



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।