कहा, भारत में लोकतंत्र की जड़ें बहुत गहरी और मजबूत
दातारपुर,(एसपी शास्त्री): नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नहीं बन पाने की हताशा में अनर्गल बातें कर रहे हैं। उक्त चर्चा प्रेस विज्ञप्ति में पंजाब भाजपा चुनाव मेनीफेसटो कमेटी के चेयरमैन एवं पूर्व सांसद तथा पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने करते हुए कहा कि यदि भारत में राहुल गांधी के लोकतंत्र समाप्त होने की बात पर चर्चा करें तो यदि 2014 में ही लोकतंत्र नष्ट हो गया होता तो वर्तमान समय में कांग्रेस के 660 से अधिक विधायक और करीब 99 लोकसभा सांसद कैसे जीत पाते। तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, हिमाचल में सरकारें कैसे बन पातीं। कांग्रेस तमिलनाडु, झारखंड सरीखे राज्यों की सरकारों में भी साझेदार है। खन्ना ने कहा कि लोकतंत्र तो भारत की सांसों, सभ्यता, संस्कार, परंपरा, सोच-विचार और व्यवहार में है। लोकतंत्र सदियों से जिंदा है और अब संविधान के आधार पर लोकतंत्र जिंदा रहेगा। बेशक राहुल गांधी और विपक्ष के एक तबके ने वोट चोरी को राजनीतिक मुद्दा बना रखा है। अविनाश राय खन्ना ने कहा कि भारत का लोकतंत्र और संविधान उन्हें ऐसा अधिकार देते हैं, लेकिन एक विदेशी कैसे नारा लगा सकता है-वोट चोर, गद्दी छोड़। इटली का वह नेता किस स्तर का है और यूरोप के स्तर पर उसकी पहचान, उसका राजनीतिक कद कितना है, यह हम नहीं जानते, लेकिन उस विदेशी का बयान और नेता प्रतिपक्ष का व्यवहार दोनों ही घोर आपत्तिजनक हैं। खन्ना ने कहा कि खुद राहुल गांधी 2004 से निरंतर लोकसभा सांसद हैं। 22 साल से अधिक के अनुभव के साथ अब वह वरिष्ठ सांसद हो गए हैं, लिहाजा कुछ तो समझदारी उन के व्यवहार में आनी चाहिए। उन्होंने कहा विपक्ष के चेहरे के तौर पर राहुल गांधी लगातार विरोध-प्रदर्शन करते रहे हैं, वोट चोरी आदि मुद्दों पर सर्वोच्च अदालत में याचिका विचाराधीन है, राष्ट्रपति को भी ज्ञापन दे चुके हैं कि चुनाव आयोग में कई विसंगतियां हैं और वह लगभग हररोज यह बयान देते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी डरे हुए हैं। उनकी सरकार जाने वाली है। देश का आर्थिक ढांचा और मॉडल नष्ट हो चुके हैं। यदि भारत में लोकतंत्र खत्म हो चुका होता, तो क्या राहुल गांधी यह सब कुछ कह और कर पाते। वह यह बयान भी दे रहे हैं कि आत्मविश्वास से कह रहा हूं कि हम मोदी को हरा देंगे। 2027 की शुरुआत में ही उप्र, पंजाब समेत 5-6 राज्यों में चुनाव हैं। उनमें ही राहुल गांधी की पार्टी की हकीकत सामने आ जाएगी। बहरहाल मोदी और उनकी पार्टी को चुनावों में हराएंगे, तभी अगले प्रधानमंत्री बन पाएंगे। बयानों से सरकारें नहीं बदला करतीं। यह जीत-हार अखाड़े की नहीं है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।