माउंट मौनगानुई,(राजदार टाइम्स): न्यूजीलैंड में शुक्रवार को खेले गए चौथे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को 244 रन से हरा दिया। मैट हेनरी ने 27 रन देकर 6 विकेट लिए और उन्होंने कहा कि तेज हवाओं के कारण गेंद स्विंग नहीं हो रही थी, जिससे उन्हें स्टंप्स पर ध्यान केंद्रित करने में मदद मिली।
पहले ओवर में हेनरी का कहर
प्लेयर ऑफ द मैच हेनरी ने पहले ही ओवर में बिना कोई रन दिए रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को आउट कर दिया। भारतीय टीम कभी संभल नहीं सकी और महज 89 रनों पर सिमट गई।
मैच के बाद हेनरी ने कहा, "जिस तरह से हवा चल रही थी, मुझे स्विंग की ज्यादा चिंता नहीं थी। इसलिए पहली गेंद से ही मेरा पूरा ध्यान अपनी ताकत का इस्तेमाल करने और स्टंप्स को निशाने पर रखने पर था।"
हेनरी ने ट्रिपल-विकेट मेडन पर क्या कहा?
अपने ट्रिपल-विकेट मेडन के बारे में हेनरी ने कहा कि एक सीधा-सादा प्लान और थोड़ी किस्मत उनके पक्ष में रही। उन्होंने कहा, "हवा बहुत तेज थी, जिससे चीजें काफी आसान हो गईं। जब आप एक सरल गेम प्लान के साथ उतरते हैं, तो ऐसा होना मजेदार होता है। इसमें थोड़ी किस्मत का भी हाथ था।"
चोट से वापसी और आगे का कार्यक्रम
इस मैच के जरिए हेनरी की वनडे क्रिकेट में वापसी हुई। सीरीज शुरू होने से पहले डेवोन कॉनवे के साथ सिर टकराने के कारण वह शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेल सके थे। हेनरी ने कहा, "वापसी करके बहुत अच्छा लग रहा है। डेव के साथ सिर टकराना बिल्कुल भी अच्छा अनुभव नहीं था। अच्छी बात यह है कि अब सब कुछ ठीक है।"
हेनरी ने कहा कि रिकवरी प्रोसेस को सावधानी से संभालना जरूरी था, खासकर आगे आने वाले लंबे घरेलू समर सीजन के लिए। वह अब 19 नवंबर से भारत के खिलाफ शुरू होने वाली दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम से जुड़ेंगे। उन्होंने कहा, "मैं टेस्ट स्क्वॉड से जुड़ने जा रहा हूं। हमारा एक छोटा सा ट्रेनिंग कैंप है, जहां हम लाल गेंद से अभ्यास करेंगे।"
स्रोत: deshbandhu.co.in



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।