सेना मेडल से सम्मानित सैन्य अधिकारी के आगमन से विद्यार्थियों में दिखा उत्साह, देश भक्ति और अनुशासन का दिया संदेश
दातारपुर,(एस.पी शर्मा): स्थानीय डी.ए.वी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कमाही देवी में 12 बटालियन पंजाब के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल लवदीप सिंह सैनी (सेना मेडल) ने विशेष रूप से शिरकत की।विद्यालय परिसर में पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन एवंस्टाफ सदस्यों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विद्यालय की प्रिंसिपल अनीता देवी एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने कर्नल लवदीप सिंह सैनी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। प्रिंसिपल अनीता देवी ने उनके विद्यालय आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सेवा में समर्पित उच्च सैन्य अधिकारियों का विद्यालय में आगमन विद्यार्थियों के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।ऐसे व्यक्तित्वों से बच्चों में देश भक्ति, अनुशासन, आत्म विश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें देश के सच्चे राष्ट्रभक्तों के जीवन से प्रेरणा लेकर नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहना चाहिए।विद्यार्थियों को अपने तन, मन और मस्तिष्क को स्वस्थ रखते हुए शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाना चाहिए तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठा पूर्वक निर्वहन करना चाहिए। कर्नल लवदीप सिंह सैनी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन बेहद आवश्यक है। विद्यार्थियों को नियमित रूप से स्वाध्याय करना चाहिए, अपने लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और पूरी लगन एवं मेहनत के साथ उन्हें हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सेना के अनुशासन, देश सेवा और कर्तव्यनिष्ठा से जुड़े प्रेरणा दायक संदेश मिले। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने कर्नल लवदीप सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राकेश कुमार, अनिल कुमार, शर्मीली देवी सहित विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।