Rajdaar Times
शनिवार, 14 नवंबर 2026
विज्ञापन
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें

छठ पूजा में पीरियड्स शुरू होने पर क्या करें, व्रत टूटेगा या नहीं? जानें नियम

छठ पूजा के दौरान पीरियड्स शुरू होने पर व्रत जारी रखने और पूजा में सावधानियों के बारे में धार्मिक मान्यताओं पर आधारित जानकारी।

छठ पूजा में पीरियड्स शुरू होने पर क्या करें, व्रत टूटेगा या नहीं? जानें नियम
छठ पूजा में पीरियड्स शुरू होने पर क्या करें, व्रत टूटेगा या नहीं? जानें नियम

पटना,(राजदार टाइम्स): छठ महापर्व हिंदू धर्म के सबसे कठिन और पवित्र व्रतों में से एक माना जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ छठी मैया और सूर्य देव की उपासना करते हैं। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है, दूसरे दिन खरना किया जाता है और तीसरे दिन डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है। वहीं, चौथे और आखिरी दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का समापन होता है। इस दौरान व्रती करीब 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करते हैं।

छठ पूजा में शुद्धता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। इस दौरान खानपान से लेकर पूजा की सामग्री तैयार करने और सूर्य देव को अर्घ्य देने तक हर काम के लिए कुछ खास नियम बताए गए हैं। मान्यता है कि छठी मैया की पूजा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करनी चाहिए। ऐसे में महिलाओं के मन में एक सवाल अक्सर आता है कि अगर छठ पूजा के चार दिनों के बीच अचानक पीरियड्स शुरू हो जाएं, तो क्या व्रत अधूरा रह जाता है? क्या ऐसी स्थिति में पूजा करना बंद कर देना चाहिए या व्रत जारी रखा जा सकता है?

छठ पूजा में पीरियड्स आ जाएं तो क्या करें?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगर छठ पूजा के दौरान पीरियड्स शुरू हो जाएं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कई परंपराओं में माना जाता है कि व्रत का संकल्प लेने के बाद मासिक धर्म शुरू होने पर भी व्रत जारी रखा जा सकता है। हालांकि, इस दौरान पूजा-पाठ और अनुष्ठानों को लेकर कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी जाती है।

व्रत बीच में न छोड़ें

अगर आपने छठ पूजा का संकल्प ले लिया है और इसी बीच पीरियड्स शुरू हो जाते हैं, तो कई पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार आप अपना व्रत जारी रख सकती हैं। मासिक धर्म शुरू होना अपने आप में व्रत तोड़ने का कारण नहीं माना जाता।

पूजा की सामग्री को न छुएं

पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, मासिक धर्म के दौरान पूजा की सामग्री, प्रसाद, ठेकुआ, फल और अर्घ्य के लिए तैयार सूप या टोकरी को छूने से बचना चाहिए। ऐसे में घर के दूसरे सदस्य पूजा की सामग्री तैयार करने और उसे संभालने की जिम्मेदारी निभा सकते हैं।

अर्घ्य देने के लिए परिवार के सदस्य की मदद लें

अगर पीरियड्स के शुरुआती दिनों में आप स्वयं अर्घ्य देने की स्थिति में नहीं हैं या आपके परिवार की परंपरा इसकी अनुमति नहीं देती है, तो पति या परिवार का कोई दूसरा सदस्य आपकी जगह सूर्य देव को अर्घ्य दे सकता है। इस तरह पूजा की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

घाट पर जाने को लेकर रखें ध्यान

कुछ पारंपरिक मान्यताओं में मासिक धर्म के दौरान छठ घाट पर जाकर पूजा की गतिविधियों में सीधे शामिल होने से बचने की सलाह दी जाती है। ऐसी स्थिति में आप घर पर रहकर छठी मैया और सूर्य देव का ध्यान कर सकती हैं। परिवार के सदस्य घाट पर जाकर अर्घ्य देने की रस्म पूरी कर सकते हैं।

मन ही मन करें छठी मैया का ध्यान

अगर पीरियड्स की वजह से आप पूजा की सामग्री को नहीं छू पा रही हैं या अनुष्ठान में शामिल नहीं हो सकती हैं, तो मन ही मन छठी मैया और सूर्य देव का ध्यान कर सकती हैं। आप श्रद्धापूर्वक मंत्रों का जाप और प्रार्थना भी कर सकती हैं।

पीरियड्स का पांचवां या छठा दिन हो तो क्या करें?

अगर मासिक धर्म का पांचवां दिन है और आपने स्नान करके बाल धो लिए हैं, तो आगे की पूजा में शामिल हो सकती हैं। वहीं, छठे दिन स्नान के बाद सूर्य देव को अर्घ्य देने की अनुमति मानी जाती है।

जल और दूध से जुड़ी पूजा कर सकते हैं?

कुछ मान्यताओं में जल और दूध को पवित्र माना जाता है। इसलिए मासिक धर्म के दौरान भी जल और दूध से जुड़ी कुछ पूजा प्रक्रियाओं में शामिल होने की अनुमति दी जाती है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है। टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है।

स्रोत: tv9hindi.com

यह खबर शेयर करें
संपादकीय टीम
संपादकीय टीम · Admin

राजदार टाइम्स की संपादकीय टीम।

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।