इंदौर,(राजदार टाइम्स): इंदौर में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों और शहर की रैंकिंग को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए दावा किया है कि इंदौर इस बार भी इंडिविजुअल सिटी कैटेगरी में देशभर में नंबर-1 रहा है। उन्होंने यह बात सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में कही।
महापौर का दावा: इंदौर अभी भी नंबर-1
महापौर भार्गव ने कहा कि स्वच्छता इंदौर की आदत और व्यवहार का हिस्सा है। सफाई मित्रों की मेहनत से इस बार भी शहर इंडिविजुअल सिटी कैटेगरी में देशभर में पहले स्थान पर रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे ही स्कोरशीट जारी होगी, सभी स्थितियां स्पष्ट हो जाएंगी।
महापौर ने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि परिणाम आने से पहले ही सफाई मित्रों की मेहनत और शहर की प्रतिष्ठा पर बिना पूरी जानकारी के सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि इंदौर को देशभर के शहरों में सबसे ज्यादा अंक मिले हैं, लेकिन इस बार केंद्र सरकार ने एक शहर को केवल एक ही श्रेणी में पुरस्कार देने की नीति अपनाई है। इसी के तहत इंदौर को देपालपुर के साथ ‘क्लीन सिटी पेयर’ श्रेणी में सम्मानित किया गया है।
देपालपुर को मेंटरसिटी के रूप में मिली सफलता
भार्गव ने अपने वीडियो में स्वच्छता जोड़ी श्रेणी का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इंदौर ने मेंटरसिटी के रूप में देपालपुर को आगे बढ़ाने का काम किया है। पिछले वर्ष 1700 से अधिक अंकों के साथ पीछे रहने वाले देपालपुर को इस बार देशभर में दूसरे स्थान तक पहुंचाने में इंदौर की अहम भूमिका रही। उन्होंने दावा किया कि यदि सभी शहरों की रैंकिंग की जाएगी तो इंदौर इस बार भी पहले स्थान पर रहेगा।
महापौर ने कहा कि इंदौर हमारा है और यह शहर पहले भी स्वच्छ था, आज भी स्वच्छ है और हमेशा स्वच्छ रहेगा। उन्होंने इंदौरवासियों की जनभागीदारी को शहर के शीर्ष स्थान पर बने रहने का कारण बताया। भार्गव ने विपक्ष से अपील की कि अपने ही शहर के बारे में बिना तथ्य और परिणाम जाने भ्रम न फैलाएं।
विपक्ष के आरोप और महापौर की प्रतिक्रिया
गौरतलब है कि शहर की स्वच्छता रैंकिंग में गिरावट, दीपावली के बाद बढ़े वायु प्रदूषण और भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से हुई मौतों को लेकर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने महापौर पर निशाना साधते हुए जवाब मांगे थे। उन्होंने कहा था कि लगातार आठ बार देश का सबसे स्वच्छ शहर रहने वाला इंदौर इस बार अपनी पुरानी पहचान कायम नहीं रख पाया।
सोनिला मिमरोट ने सवाल उठाया था कि इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को मेंटर-मेंटी श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है, लेकिन इसे इंदौर की व्यक्तिगत दूसरी रैंक बताकर पेश करना जनता को भ्रमित करने जैसा है। उन्होंने सफाई व्यवस्था पर होने वाले खर्च को लेकर भी सवाल उठाए थे और कहा था कि नगर निगम करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी कई वार्डों में कचरे के ढेर, गंदगी, जाम नालियों और अव्यवस्थित सफाई की समस्या बनी हुई है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भी महापौर पर निशाना साधते हुए कहा था कि इंदौर अब अपना पुराना गौरव खो चुका है। उन्होंने नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए सफाई मित्रों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया था। चौकसे ने दावा किया था कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सफाई मित्रों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई थी, लेकिन भाजपा सरकार और नगर निगम ने अब तक उन्हें यह राशि नहीं दी है।
महापौर भार्गव ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन इंदौर की प्रतिष्ठा और सफाई मित्रों की मेहनत सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा, "परिणाम आने दीजिये, सच खुद सामने आ जायेगा।" उन्होंने यह भी कहा कि इंदौर की स्वच्छता पर सवाल नहीं, गर्व होना चाहिए। इंदौर नंबर वन था, नंबर वन है और नंबर वन रहेगा।
स्रोत: mpbreakingnews.in



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।