Rajdaar Times
गुरुवार, 19 नवंबर 2026
विज्ञापन
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें
Rajdaar Times — यहाँ विज्ञापन दें

गाय में 33 करोड़ नहीं, 33 प्रकार के देवी-देवताओं का वास : अशोक कालिया

गोपाष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने शुरू की थी गौचारण लीला : हरविंदर कुमारतलवाड़ा,(एसपी शर्मा शास्त्री): गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर धर्म चर्चा करते हुए तलवाड़ा गौशाला के अध्यक्ष एवं गौसेवक अशोक…

गाय में 33 करोड़ नहीं, 33 प्रकार के देवी-देवताओं का वास : अशोक कालिया
गाय में 33 करोड़ नहीं, 33 प्रकार के देवी-देवताओं का वास : अशोक कालिया

गोपाष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने शुरू की थी गौचारण लीला : हरविंदर कुमार
तलवाड़ा,(एसपी शर्मा शास्त्री): गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर धर्म चर्चा करते हुए तलवाड़ा गौशाला के अध्यक्ष एवं गौसेवक अशोक कालिया, माँ कामाक्षी गौधाम गौशाला कमाही देवी के एक्सियन हरविंदर कुमार तथा हाजीपुर के गो उपचार केंद्र में गौसेवा कर रहे विजय राणा घगवाल ने कहा कि हिंदू संस्कृति में गाय का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। गोपाष्टमी का पर्व पूरी तरह गौमाता को समर्पित है। उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दीपावली के ठीक बाद कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी को गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने गौचारण लीला का शुभारंभ किया था। कार्तिक शुक्ल अष्टमी के दिन माता यशोदा ने श्रीकृष्ण को पहली बार गायों को चराने के लिए वन में भेजा था। इसलिए इस दिन गायों, ग्वालों और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और श्रद्धापूर्वक उन्हें गौमाता कहा जाता है। उन्होंने बताया कि गोपाष्टमी के दिन प्रात:काल उठकर नित्य कर्म से निवृत्त होने के बाद स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करने चाहिए। इसके बाद गायों को स्नान करवाकर उनके शरीर पर मेहंदी, हल्दी और रंगों से छापे लगाकर सजाया जाता है। इस दिन गायों के साथ उनके बछड़ों को भी सजाने और पूजन करने की परंपरा है। प्रात:काल धूप-दीप, अक्षत, रोली, गुड़, वस्त्र और जल आदि से गौमाता का पूजन किया जाता है। इसके बाद धूप-दीप से आरती उतारकर गायों को हरा चारा एवं अन्य खाद्य सामग्री खिलाई जाती है तथा उनकी परिक्रमा की जाती है। संध्याकाल में गायों के वन से लौटने पर उनके चरण धोकर तिलक लगाने की भी परंपरा है। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि गोपाष्टमी के दिन गाय के नीचे से निकलने पर विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।

गाय में 33 करोड़ नहीं, 33 प्रकार के देवताओं का वास...
अशोक कालिया ने कहा कि हिंदू धर्मशास्त्रों के अनुसार गाय में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना गया है। यहां कोटि का अर्थ करोड़ नहीं, बल्कि प्रकार है। इस मान्यता के अनुसार गाय में 33 प्रकार के देवताओं का निवास है, जिनमें 12 आदित्य, 8 वसु, 11 रुद्र और 2 अश्विनी कुमार शामिल हैं। इनकी कुल संख्या 33 होती है। उन्होंने धार्मिक ग्रंथों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऋग्वेद में गाय को 'अघन्या' अर्थात वध न किए जाने योग्य बताया गया है। यजुर्वेद में गौ को अनुपमेय कहा गया है, जबकि अथर्ववेद में गाय को संपत्तियों का घर बताया गया है। पौराणिक मान्यताओं और श्रुतियों के अनुसार गौ को भगवान विष्णु का स्वरूप, सर्ववेदमयी तथा समस्त कल्याण का प्रतीक माना गया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन गौसेवा और गौचारण से जुड़ा रहा है। भगवान राम के पूर्वज महाराजा दिलीप द्वारा नंदिनी गाय की पूजा किए जाने का प्रसंग भी धार्मिक ग्रंथों में मिलता है। इसी प्रकार भगवान गणेश से जुड़ी पौराणिक कथा में भी गाय के दान का उल्लेख मिलता है। गरुड़ पुराण में वैतरणी नदी पार करने के लिए गौदान का विशेष महत्व बताया गया है। वहीं श्राद्ध कर्म में गाय के दूध से बनी खीर का प्रयोग भी धार्मिक परंपराओं का हिस्सा है। मान्यता है कि इससे पितरों को तृप्ति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी का पर्व हमें गौसेवा, करुणा, संरक्षण और भारतीय संस्कृति में गाय के महत्व को समझने तथा उसे अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।

यह खबर शेयर करें

यह खबर हमारी संपादकीय नीति के अनुसार प्रकाशित है। गलती दिखे तो सुधार सुझाएँ · स्वामित्व और वित्तपोषण

संपादकीय टीम
संपादकीय टीम · संपादकीय डेस्क

राजदार टाइम्स की संपादकीय डेस्क। यह डेस्क देश, राजनीति, राज्यों, खेल, मनोरंजन, बिज़नेस, शिक्षा और अन्य विषयों की खबरें तैयार और संपादित करती है। प्रकाशन से पहले हर खबर तथ्य, स्रोत और भाषा के…

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।