14 नवंबर को जालंधर में रोष रैली और मुख्यमंत्री आवास के घेराव की तैयारी
दसूहा, (राजदार टाइम्स): गजटेड नॉन-गजटेड एससी/बीसी एम्प्लॉइज वेलफेयर फेडरेशन पंजाब, दसूहा की ओर से 14 नवंबर 2026 को जालंधर में आयोजित होने वाली रोष रैली और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आवास के घेराव को लेकर मांग पत्र सौंपा गया। प्रांतीय वित्त सचिव गुरजिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में ब्लॉक दसूहा-1 के प्रधान सुखविंदर सिंह बोदल, ब्लॉक दसूहा-2 के प्रधान सुरिंदर कुमार और वर्किंग कमेटी ने यह मांग पत्र विधायक दसूहा एडवोकेट कर्मवीर सिंह घुम्मन के माध्यम से मुख्यमंत्री पंजाब को भेजा। गुरजिंदर पाल सिंह ने कहा कि दलित और पिछड़े वर्ग के कर्मचारी सरकार द्वारा गठित गैंटा कमीशन की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं, जो अभी कैबिनेट सब-कमेटी के पास लंबित है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों का भी जल्द समाधान किया जाए।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें…
मांग पत्र में 8886 शिक्षकों की वरिष्ठता सूची, प्राइमरी से मास्टर कैडर में पदोन्नति संबंधी त्रुटियों को दूर करने, आंगनवाड़ी एवं कुक वर्करों के मानदेय में बढ़ोतरी और कंप्यूटर शिक्षकों पर सीएसआर नियम लागू करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा प्राइमरी कैडर के शिक्षकों की दूसरे जिलों में की गई सेवा को विभागीय पदोन्नति के समय शामिल करने की मांग भी रखी गई।
इस अवसर पर सुखविंदर सिंह, सुरिंदर कुमार, गुरविंदर सिंह, मनिंदर सिंह कंप्यूटर फैकल्टी और बलविंदर सिंह सलाहकार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।