यूएई में चल रही वनडे ट्राई सीरीज में अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 158 रन के बड़े अंतर से हराकर फाइनल का टिकट कटा लिया है। अबु धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में सोमवार रात खेले गए सीरीज के दूसरे मैच में सेदिकुल्लाह अटल ने शानदार शतक लगाया, जबकि स्टार स्पिनर राशिद खान ने 4 विकेट झटककर जिम्बाब्वे की उम्मीदें खत्म कर दीं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 50 ओवर में 294 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 38.4 ओवर में 136 रन पर सिमट गई। अब फाइनल शुक्रवार, 23 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
अटल का तीसरा वनडे शतक
अफगानिस्तान को रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने अच्छी शुरुआत दी, हालांकि गुरबाज गेंद को अपने ही स्टंप्स पर खेलकर आउट हो गए। इसके बाद इब्राहिम ने तेजी से रन जुटाए और अटल ने एक छोर संभाले रखा। दोनों ने शतकीय साझेदारी की और अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। ब्रैड इवांस ने इब्राहिम को 90 रन पर आउट कर यह जोड़ी तोड़ी।
रहमत शाह और अजमतुल्लाह उमरजई जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन अटल ने हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ 42 रन जोड़कर पारी को फिर पटरी पर ला दिया। अटल ने 44वें ओवर में अपने वनडे करियर का तीसरा शतक पूरा किया और अगले ही ओवर में रनआउट हो गए।
295 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 43 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। 13वें ओवर में एएम गजनफर ने बेनेट को एलबीडब्ल्यू किया। इसके बाद जिम्बाब्वे ने पूरा लक्ष्य हासिल करने के बजाय 196 रन तक पहुंचने पर ध्यान दिया, ताकि बेहतर नेट रन रेट के सहारे फाइनल में पहुंच सके, लेकिन यह योजना भी कामयाब नहीं हुई। राशिद खान ने रयान बर्ल को एलबीडब्ल्यू करने के बाद लगातार ओवरों में विकेट लेकर जीत पक्की कर दी।
अंक तालिका में तीनों टीमों के 2-2 अंक हैं और अफगानिस्तान बेहतर नेट रन रेट के आधार पर फाइनल में पहुंचा है। दूसरी फाइनलिस्ट टीम का फैसला जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच होने वाले मुकाबले से होगा।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।