कहा, गृह मंत्री अमित शाह का परमिंदर झोटा के परिवार से मिलना पंजाब में नशा मुक्ति के लिए विशेष महत्त्व
होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पंजाब के मानसा जिले में दिवंगत परमिंदर झोटा के परिवार से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना व्यक्त करने और परिवार को न्याय दिलाने के लिए कार्रवाई का भरोसा देने की सराहना की।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के लोगों के हर दुःख-सुख में उनके साथ खड़ी है और गृह मंत्री का पंजाब आकर पीड़ित परिवार से मिलना इस बात का प्रतीक है कि केंद्र सरकार पंजाब के लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है।खन्ना ने कहा कि पंजाब की जवानी को नशे से बचाना और प्रदेश को नशामुक्त बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।परमिंदर झोटा का मामला पंजाब में नशे की समस्या और इससे जुड़े गंभीर सामाजिक प्रश्नों की ओर ध्यान आकर्षित करता है।ऐसे समय में केंद्रीय गृह मंत्री का पीड़ित परिवार से मिलना न केवल परिवार को संबल प्रदान करता है, बल्कि नशे के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है।उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति या परिवार को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इससे पूरे समाज और प्रदेश का भविष्य प्रभावित होता है।पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग करना होगा।नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना भी आवश्यक है,जिसके लिए पंजाब वासियों को मोदी सरकार का सहयोग करना होगा।खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के नागरिकों की सुरक्षा, न्याय और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंजाब में केंद्र सरकार के दखल से नशामुक्ति के सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।पंजाब को नशामुक्त, सुरक्षित और खुशहाल बनाने के लिए केंद्र सरकार वचनबद्ध है।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।